अलवर , नवम्बर 04 -- राजस्थान में दीपावली के त्योहार से ठीक पहले अलवर शहर में नगर निगम की अतिक्रमण हटाने और दुकानों के बाहर रखे सामान पर चालान काटने की कार्रवाई को लेकर जारी व्यापारियों का आंदोलन बुधवार को प्रशासन से सहमति बनने के बाद समाप्त हो गया।
इससे पहले बुधवार को नगर निगम की कार्रवाई के विरोध में व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और व्यापारी लामबंद होगये। व्यापारियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए बाजार बंद करने तक की चेतावनी दे दी। दोपहर बाद प्रशासनिक अधिकारियों, नगर निगम अधिकारियों और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों के बीच हुई वार्ता के बाद सहमति बन गई और व्यापारियों ने अपना आंदोलन समाप्त कर दिया।
व्यापारियों का कहना था कि दीपावली वर्ष का सबसे बड़ा कारोबारी सीजन होता है। इसी उम्मीद में छोटे-बड़े दुकानदारों ने कर्ज लेकर लाखों रुपये का माल अपनी दुकानों में भरा है, लेकिन त्योहार से ठीक पहले नगर निगम की कार्रवाई ने उनकी चिंता बढ़ा दी। दुकानों के बाहर रखे सामान को हटाने और चालान काटने से व्यापारियों में भारी नाराजगी थी।
व्यापारियों के विरोध और बाजार बंद करने की चेतावनी के बाद बुधवार दोपहर प्रशासनिक अधिकारी और नगर निगम के अधिकारी सक्रिय हुए। नगर निगम परिसर में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधियों और अधिकारियों के बीच वार्ता हुई। बैठक में होप सर्कस क्षेत्र के बरामदों में सामान रखने को लेकर सहमति बनाई गई।
निर्णय हुआ कि होप सर्कस के बरामदों में व्यापारी सामान रख सकेंगे, लेकिन वहां अधिक मात्रा में सामान नहीं लगाया जाएगा। यानी बरामदों में सीमित सामान रखने पर सहमति बनी, ताकि व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित न हो और आमजन के आवागमन में भी परेशानी नहीं आए।
वार्ता में सहमति बनने के बाद व्यापारियों ने अपना विरोध प्रदर्शन समाप्त कर दिया। बाजार बंद करने की चेतावनी के बीच निकला यह विरोध फिलहाल बातचीत के जरिए शांत हो गया है। व्यापारियों ने जहां त्योहार के समय राहत की मांग उठाई,वहीं प्रशासन के सामने यातायात व्यवस्था और अतिक्रमण नियंत्रण बनाए रखने की चुनौती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित