अलवर , सितम्बर 25 -- राजस्थान में अलवर जेल सर्किल स्थित राजकीय अटल बिहारी वाजपेई मेडिकल कॉलेज में संविदा पर कार्यरत करीब 50 सफाईकर्मी और वार्ड बॉय शुक्रवार को वेतन और भविष्य निधि (पीएफ) की समस्या को लेकर हड़ताल पर चले गये।

आक्रोशित कर्मचारियों ने मेडिकल कॉलेज के मुख्य द्वार के बाहर एकत्र होकर प्रदर्शन किया और ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कर्मचारियों के हड़ताल पर जाने से अस्पताल की व्यवस्थाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें समय पर वेतन नहीं दिया जा रहा है। पिछले करीब एक वर्ष से उनके वेतन से पीएफ के नाम पर राशि काटी जा रही है, लेकिन यह पैसा संबंधित पीएफ खातों में जमा नहीं कराया गया। कर्मचारियों ने कहा कि लंबे समय से वे इस समस्या को लेकर परेशान हैं और कई बार अपनी बात जिम्मेदार अधिकारियों तक पहुंचा चुके हैं, लेकिन समाधान नहीं हुआ।

कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने इस संबंध में मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल से शिकायत की तो ठेकेदार द्वारा उन्हें नौकरी से हटाने की धमकी दी गयी। कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से अपनी मांगों को लेकर परेशान हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने के कारण आखिरकार उन्हें मजबूर होकर हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित