अलवर , मई 22 -- राजस्थान में अलवर के विजय मंदिर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक युवती ने वन स्टॉप सखी सेंटर की दूसरी मंजिल से दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी।

घटना में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई और उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया। उसे तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसके दोनों पैरों में प्लास्टर किया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। उपचार के बाद उसे दोबारा सुरक्षा के लिहाज से सखी सेंटर में रखा गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि पीड़िता करीब चार महीने पहले जनवरी में अपने ससुराल से पीहर चली गई थी। वहां उसने परिवार को बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट करता है। परिवार के समझाने के बाद उसे वापस ससुराल भेज दिया गया, लेकिन कुछ समय बाद वह फिर घर छोड़कर कहीं चली गई। इसके बाद युवती के पति ने एक फरवरी को विजय मंदिर थाना में उसकी गुमशुदगी दर्ज करवाई थी। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार को युवती अचानक खुद थाने पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों पीहर और ससुराल को बुलाया, लेकिन युवती ने दोनों जगह जाने से साफ इन्कार कर दिया।

सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने गुरुवार शाम उसे वन स्टॉप सखी सेंटर में ठहराया था, लेकिन शुक्रवार सुबह करीब नौ बजे युवती ने सेंटर की दूसरी मंजिल से छलांग लगा दी। पूछताछ में युवती ने पुलिस को बताया कि वह किसी भी हालत में अपने पति के पास वापस नहीं जाना चाहती थी। उसे डर था कि उसका पति जबरन उसे अपने साथ ले जाएगा। इसी मानसिक तनाव और भय के चलते उसने यह कदम उठाया। युवती ने अपने पति पर लगातार मारपीट और प्रताड़ना के गंभीर आरोप लगाए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित