अलवर , अप्रैल 25 -- दिल्ली की पॉश अमर कॉलोनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी (आईआरएस) की पुत्री की हत्या और दुष्कर्म के मामले में गिरफ्तार राहुल मीणा के खिलाफ अलवर में दोस्त की पत्नी के साथ दुष्कर्म का मामला दर्ज हुआ था।

अलवर के पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी बताया कि इस मामले में राहुल के खिलाफ शुरुआती जांच पड़ताल में जुर्म प्रमाणित हो गया है। दिल्ली पुलिस की कार्रवाई पूरी होने के बाद राहुल को पेशी वारंट के जरिए गिरफ्तार करके अलवर लाया जायेगा। उसके बाद दुष्कर्म के मामले में उससे पूछताछ की जाएगी।

दिल्ली की पॉश अमर कॉलोनी में वरिष्ठ आयकर अधिकारी की पुत्री की बेरहमी से गला घोट कर हत्या की गयी। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और घर में रखे पैसे चोरी करके फरार हो गया। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने आयकर अधिकारी के घर में काम करने वाले नौकर राहुल मीणा को गिरफ्तार किया है। राहुल मीणा के खिलाफ अलवर के राजगढ़ थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज है।

राहुल दिल्ली में घटना से पहले रात को शादी से लौटा एवं पड़ोस में रहने वाले अपने दोस्त की पत्नी से उसने दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद राहुल गांव से फरार हो गया था। उसके बाद सीधा दिल्ली पहुंचा, जहां सुबह अधिकारी की 22 वर्षीय पुत्री की बेरहमी से हत्या की।

अलवर में दुष्कर्म पीड़िता ने मामले की शिकायत राजगढ़ पुलिस को दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए पीड़िता की चिकित्सकीय जांच करवाई। साथ ही न्यायालय में उसके 164 के बयान भी दर्ज किये गये। अलवर पुलिस इस मामले में लगातार जांच पड़ताल कर रही है।

अलवर पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दिल्ली पुलिस अलवर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छह लोगों को हिरासत में लिया था। इसमें से चार लोगों को छोड़ दिया गया है, जबकि दो लोग राहुल मीणा के पिता और उसके दोस्त के दोस्त प्रिंस के पिता को अभी गिरफ्त में रखा गया है। दिल्ली पुलिस उनसे पूछताछ करेगी। इन लोगों ने राहुल से जुड़ी हुई जानकारियां पुलिस को दी थी। इसके बाद राहुल की गिरफ्तारी में दिल्ली पुलिस को बड़ी मदद मिली थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित