अलवर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान विधानसभा में विपक्ष के नेता टीकाराम जूली ने कहा है कि अलवर में रामलीला मैदान में होने वाली रैली ऐतिहासिक होगी।

श्री जूली ने शुक्रवार को यहां पत्रकारों से कहा कि इस आयोजन में देशभर से बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और आम लोग शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि रैली के जरिए कांग्रेस अपनी ताकत का प्रदर्शन करेगी और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को भी राजनीतिक माहौल का अंदाजा हो जाएगा। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को लेकर सवाल उठाने वालों को भी इस आयोजन के जरिए जवाब मिलने का दावा किया।

श्री जूली ने बताया कि अभियान को प्रभावी बनाने के लिए पर्यवेक्षकों की तैनाती की जा रही है। जल्द ही अखिल भारतीय कांग्रेस समिति (एआईसीसी) के पर्यवेक्षक पहुंचेंगे, जो पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात करेंगे और प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेंगे। उन्होंने कहा कि पूरे अभियान के लिए दो महीने की कार्ययोजना तैयार की गई है, जिसे राष्ट्रीय, राज्य, जिला और बूथ स्तर तक चलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस दौरान चुनाव आयोग की कथित कमियों और चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के मुद्दों को आमजन तक पहुंचाने पर जोर रहेगा। श्री जूली ने रैली में भारी भागीदारी की उम्मीद जताते हुए इसे कांग्रेस के आगामी राजनीतिक अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित