अलवर , सितम्बर 25 -- राजस्थान में अलवर जिले के बड़ौदामेव थाना क्षेत्र में युवक सैकुन की हत्या के मामले में देर रात करीब एक बजे मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।
जिला कलेक्टर आर्तिका शुक्ला के निर्देश पर गठित मेडिकल बोर्ड में मेडिकल जूरिस्ट, फिजिशियन और सर्जन शामिल रहे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। मेडिकल जूरिस्ट डॉ. हरीश मीणा ने बताया कि युवक की मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई है। शरीर पर अन्य जगह कोई चोट नहीं मिली। वहीं, विसरा को जांच के लिए सुरक्षित कर भेजा गया है।
मृतक के भाई इरशाद ने बताया कि इस मामले को लेकर प्रशासन और परिजनों के बीच सहमति बनने के बाद मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया। उन्होंने कहा कि परिवार की कई मांगें थी, जिनमें से मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग पूरी हो गई है। बाकी मांगों को लेकर प्रशासन की ओर से तीन-चार दिन में उन्हें पूरा करने के प्रयास का आश्वासन दिया गया है। इसके बाद परिजनों ने धरना समाप्त करके औपचारिक रूप से शव लेने की कार्रवाई पूरी की।
इससे पहले सैकुन की हत्या के बाद परिजन और ग्रामीण आक्रोशित थे। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अलवर के राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय के बाहर और बड़ौदामेव पुलिस थाने के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। पुलिस और प्रशासन के अधिकारी लगातार परिजनों से बातचीत कर रहे थे। सहमति बनने के बाद अस्पताल के बाहर चल रहा धरना समाप्त हुआ और बड़ौदामेव थाने के सामने भी प्रदर्शन खत्म कर दिया गया।
पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक हर्ष मूर्तिकार को हिरासत में ले लिया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण बताई जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित