अलवर , अक्टूबर 28 -- राजस्थान में दीपावली और करवाचौथ के त्योहारों को देखते हुए अलवर जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत बुधवार को अलवर शहर से लेकर रामगढ़ तक खाद्य सुरक्षा दल ने कई प्रतिष्ठानों और खाद्य कारोबारियों के यहां निरीक्षण करके नमूने लिए। इस दौरान जयपुर रोड स्थित नमकीन एजेंसी से रितु ब्रांड के 212 पाउच नमकीन (10 कट्टे) मिलावट की आशंका के चलते जब्त किये गये। वहीं, अवधि पार मिले नमकीन और कुरकुरे के करीब 2200 पाउच मौके पर ही जलाकर नष्ट करवाये गये। इसके अलावा रामगढ़ में गोपी सरस घी और जेएमडी सरस घी ब्रांड की कुल 350 लीटर घी जब्त करके दोनों के नमूने जांच के लिए लिए गये।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त अविचल चतुर्वेदी और जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में जिलेभर में यह अभियान चलाया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित