अलवर , फरवरी 27 -- राजस्थान के अलवर में शुक्रवार को जिला महिला कांग्रेस ने प्रदर्शन करके केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी का पुतला जलाया।

जिला महिला कांग्रेस समिति की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी के नेतृत्व में मिनी सचिवालय के द्वार पर एपस्टीन फाइल में नाम आने पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और केंद्र सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व विधायक साफिया खान भी शामिल हुई।

श्रीमती साफिया खान ने कहा कि दो महीने से एपस्टीन फाइल में बच्चियों एवं महिलाओं से बलात्कार और उन्हें काट-काट कर समुद्र में फेंकने जैसी गंभीर घटनाओं का खुलासा हुआ है। इनमें श्री पुरी सहित विश्व के अन्य नेताओं का नाम उजागर हुआ है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नाम का भी जिक्र है। अन्य देशों के मंत्रियों ने तो नैतिकता के नाते अपने पदों से इस्तीफे दे दिये हैं, लेकिन श्री पुरी के नाम का पूरी तरह से खुलासा हो चुका है, लेकिन भारत में कोई भी इस्तीफ़ा नहीं दिया गया है।

जिला महिला कांग्रेस समिति की जिलाध्यक्ष कमलेश सैनी ने बताया कि काले रंग की साड़ी पहनकर, श्री पुरी के मंत्रिमण्डल से इस्तीफ़ा नहीं दिये जाने और न ही प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उन्हें मंत्रिमण्डल से बर्खास्त किये जाने पर देशभर में सभी जिलों में ये विरोध प्रदर्शन किये जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित