अलवर , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में गरवाजी मंदिर के पास मिले क्षत-विक्षत शव की पहचान सूबे सिंह के रूप में हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूबे सिंह (50) की मौत की खबर से परिजन और ग्रामीण सदमे में हैं। शरीर पर मिले नोंचने के निशानों और शव की हालत को देखते हुए वन्यजीव के हमले की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, मौत की असली वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है।

सूत्रों ने बताया कि सूबे सिंह शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे घर से निकले थे, लेकिन देर शाम तक लौटकर नहीं आये। परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। आज सुबह करीब सात बजे गरवाजी मंदिर के पास पूजा-अर्चना करने पहुंचे ग्रामीणों की नजर एक शव पर पड़ी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव पर नोंचने के निशान मिलने के कारण वन्यजीव के हमले की आशंका जताई गई।

घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भय और आक्रोश व्याप्त है। उन्हें सूबे सिंह पर किसी जंगली जानवर द्वारा हमला किये जाने की आशंका है। ग्रामीणों ने सरिस्का क्षेत्र के आसपास लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई और वन विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार घटनास्थल के आसपास बाघ की मौजूदगी या उसके पगमार्क मिलने के संकेत नहीं मिले हैं। ऐसे में किसी बाघ या तेंदुए के हमले की पुष्टि अभी नहीं हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित