अलवर , अगस्त 24 -- राजस्थान में नगर निकाय चुनाव में टिकटों की घोषणा से पहले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में टिकट के दावेदारों का शक्ति प्रदर्शन तेज हो गया है।
सोमवार को कंपनी बाग के पास रिवाज रिसॉर्ट में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में शहर के सभी 65 वार्डों से टिकट मांग रहे दावेदार अपने समर्थकों के साथ पहुंचे। कई दावेदार 50 से 100 तक कार्यकर्ताओं को साथ लेकर ढोल-नगाड़ों और पार्टी नेताओं के जयकारों के बीच पहुंचे। समर्थकों की भीड़ इतनी अधिक रही कि रिसॉर्ट का बड़ा सभागार भी छोटा पड़ गया और कई कार्यकर्ताओं को बाहर खड़ा रहना पड़ा।
रिसॉर्ट के बाहर वाहनों की लंबी कतार लग गयी और पूरे इलाके में मेले जैसा माहौल नजर आया।सम्मेलन में वन राज्य मंत्री संजय शर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक गुप्ता सहित प्रमुख नेता, पदाधिकारी और मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे। नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने तथा एकजुट होकर कमल के फूल को जिताने का आह्वान किया।
टिकट के दावेदारों ने भी इस सम्मेलन को अपनी ताकत दिखाने के बड़े मौके के रूप में लिया। वार्ड नंबर 26 से टिकट की दावेदार सपना अपने समर्थकों के साथ पहुंचीं और कहा कि वह पूरी ताकत के साथ सम्मेलन में आई हैं। पूर्व पार्षद सुमन चौधरी भी महिलाओं के साथ पहुंचीं और पार्टी नेताओं के जयकारे लगाये। सम्मेलन में लगातार अपने-अपने नेताओं के समर्थन में नारेबाजी होती रही। भाजपा की ओर से टिकटों को लेकर पैनल तैयार हो चुका है और सर्वे भी पूरा हो गया है। फाइनल रिपोर्ट जयपुर भेजे जाने के बाद अब पार्टी की पहली सूची का इंतजार है। माना जा रहा है कि 26 अगस्त की रात तक भाजपा अपनी पहली सूची जारी कर सकती है। ऐसे में सूची जारी होने से पहले दावेदारों ने अपने-अपने वार्ड में जमीनी पकड़ और समर्थकों की ताकत दिखाने में पूरी ताकत झोंक दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित