अलवर , अगस्त 23 -- राजस्थान में आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने तैयारियां तेज कर दी हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं राजस्थान निकाय चुनाव प्रभारी हरीश द्विवेदी रविवार को अलवर पहुंचे। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान गृह राज्यमंत्री जवाहर सिंह बेड़म, वन एवं पर्यावरण मंत्री और अलवर शहर विधायक संजय शर्मा और पूर्व सांसद रामचरण बोहरा मौजूद रहे।

श्री द्विवेदी ने भाजपा की मुख्य समिति की बैठक लेकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की और पदाधिकारियों को संगठनात्मक स्तर पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्य समिति की बैठक के बाद चुनाव संचालन समिति और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ भी बैठक करके नगर निकाय चुनाव में जीत की रणनीति पर मंथन किया गया।

गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेड़म ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य राज्य की प्रत्येक नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम में जीत हासिल करना है। इसके लिए कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियां तय की गई हैं और चुनाव को पूरी गंभीरता के साथ चुनावी तरीके से लड़ने के निर्देश दिए गए हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की उपलब्धियों, मुख्यमंत्री की जनकल्याणकारी योजनाओं और संगठन द्वारा किए गए कार्यों को आमजन तक पहुंचाया जाएगा। श्री बेड़म ने बताया कि स्थानीय स्तर पर सांसद भूपेंद्र यादव और अलवर शहर विधायक संजय शर्मा द्वारा कराए गए विकास कार्यों को भी जनता के सामने रखा जाएगा। स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा पूरी तरह सजग है और समस्याओं के समाधान के लिए समयबद्ध तरीके से काम किया जा रहा है।

उन्होंने टिकट के दावेदारों की संख्या को लेकर कहा कि भाजपा में टिकट मांगने वालों की बड़ी संख्या है, जबकि कांग्रेस के पास उम्मीदवारों का अभाव है। पार्टी जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को मैदान में उतारेगी। राज्य में सर्वाधिक नगर पालिका, नगर परिषद और नगर निगम में भाजपा के सभापति बनाने का लक्ष्य है।

वहीं वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने कहा कि यह अलवर के लिए गौरव का क्षण है कि उत्तर प्रदेश के पूर्व सांसद और भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी, जो अलवर जिले के प्रभारी भी हैं, ने यहां पहुंचकर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने बताया कि मुख्य समिति और चुनाव संचालन समिति की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। मुख्य समिति की बैठक में विधायकों सहित पार्टी के प्रमुख पदाधिकारियों को संगठनात्मक रूप से सक्रिय होकर कार्य करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने बताया कि चुनाव संचालन समिति में वरिष्ठ नेताओं और युवाओं को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। करीब 40 नेताओं और युवाओं को चुनावी दायित्व दिया गया है। श्री शर्मा ने बताया कि 25 अगस्त तक प्रत्याशियों के नामों का पैनल तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद प्रदेश संगठन के निर्देश मिलते ही जिला अध्यक्ष पैनल लेकर जयपुर जाएंगे, जहां चर्चा के बाद प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया जाएगा और इसके तुरंत बाद भाजपा उम्मीदवारों की घोषणा करेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित