अलवर , दिसम्बर 18 -- राजस्थान में अलवर के एनईबी थाना क्षेत्र में 60 फुट रोड पर स्थित एक ज्वेलर्स की दुकान में देर रात अज्ञात चोर करीब 12 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करके फरार हो गए।

पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि सुबह जब दुकानदार के पड़ोसियों ने दुकान के टूटे हुए ताले देखे तो तत्काल इसकी सूचना दुकानदार और पुलिस को दी गई।

कृतिका ज्वेलर्स के मालिक बंटी ने बताया कि रोजाना की तरह वह रात को दुकान बंद करके घर चला गया था। सुबह पड़ोसी ने फोन कर बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं। मौके पर पहुंचकर देखा तो दुकान के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और आभूषण गायब थे। प्रारंभिक आंकलन में करीब 12 लाख रुपये की चोरी होना सामने आया है।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरु कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित