अलवर , मई 23 -- राजस्थान में अलवर के बेलाका स्थित जनता कॉलोनी में शनिवार शाम को बिजली गिरने से घरों में कई उपकरण नष्ट हाे गये।

जानकारी के अनुसार आर के होटल के पास स्थित दो घरों में बिजली गिरने से भारी नुकसान हुआ। बिजली गिरते ही मकानों की वायरिंग जल गई और घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण खराब हो गए। कूलर, पंखे, एसी, फ्रिज, वाशिंग मशीन, इनवर्टर सहित कमरों के बिजली बोर्ड तक जल गए।

मकान मालिक सुजान सिंह नरूका ने बताया कि दोनों घरों में करीब आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया और कई घरों की बिजली आपूर्ति भी प्रभावित हुई। फिलहाल दोनों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। नुकसान का आंकलन कराने के लिए स्थानीय पटवारी को भी सूचना दी गई है। वहीं बिजली विभाग को भी घटना की जानकारी देकर क्षतिग्रस्त लाइन और वायरिंग को ठीक कराने की मांग की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित