अलवर , फरवरी 18 -- राजस्थान में अलवर जिले में दो दिन तेज धूप के बाद मंगलवार को देर रात से बादलों की गड़गड़ाहट के बाद बारिश शुरू हो गयी। बारिश होने से बुधवार को सुबह जनजीवन प्रभावित हुआ है। सर्दी का असर ज्यादा दिखाई देने लगा है। दो दिन की धूप के बाद लोग गर्म कपड़ों से परहेज करने लगे, लेकिन आज लोग गर्म कपड़े पहनते हुए नजर आये।

तड़के चार बजे से कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश का दौर चल रहा है। बादलों की गर्जना के साथ बिजली भी कड़क रही है। आज होने वाली शादी में काफी दिक्कतें आ रही हैं।

किसानों को भी जहां नुकसान है, वहां फायदा भी दिखाई दे रहा है। सरसों की खड़ी फसल जो पकाव पर है, इस बारिश से उसके खराब होने की आशंका है, वहीं सरसों की पछेती फसल और गेहूं की फसल के लिए यह बारिश काफी मुफीद बतायी जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित