अलवर , अक्टूबर 30 -- राजस्थान में अलवर जिले में पंचायत राज चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को सरपंच और पंच पदों के लिए मतदान हो रहा है लेकिन मौसम ने चुनावी उत्साह पर पानी फेर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार देर रात से शुरू हुई बारिश सुबह तक थमने का नाम नहीं ले रही है। सुबह सात बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हो चुकी है लेकिन लगातार हो रही बरसात के चलते मतदान केंद्रों पर मतदान धीमा हो गया है। गांवों में लोकतंत्र के इस उत्सव पर मौसम की बेरुखी भारी पड़ती नजर आ रही है।
दरअसल, पिछले दो दिनों से मौसम साफ था और चुनावी माहौल भी पूरी तरह गर्माया हुआ था। प्रत्याशी घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर रहे थे लेकिन गुरुवार से अचानक मौसम ने करवट बदली और रुक-रुककर बारिश का दौर शुरू हो गया। देर रात बारिश तेज हुई, जो आज सुबह तक जारी है। ऐसे में मतदान के शुरुआती घंटों में ही मौसम ने चुनावी प्रक्रिया के समक्ष चुनौती खड़ी कर दी है।
ग्राम पंचायत की कमान संभालने के लिए मैदान में उतरे सरपंच और पंच पदों के प्रत्याशियों की धड़कनें भी बढ़ गई हैं। मतदान के दिन मौसम का बदला मिजाज उनके चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है। प्रत्याशियों को अब बारिश के बीच मतदाताओं के मतदान केंद्रों तक पहुंचने का इंतजार है। गांव के विकास की दिशा तय करने वाली इस चुनावी प्रक्रिया में अब सबकी निगाहें आसमान पर टिकी हैं। देखना होगा कि बारिश के बीच मतदाता कितनी संख्या में घरों से निकलकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल करते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित