अलवर , जुलाई 10 -- राजस्थान में अलवर शहर और जिले में लगातार बढ़ रही हत्या, लूट और डकैती की घटनाओं के विरोध में शुक्रवार को जिला कांग्रेस समिति ने कोतवाली के बाहर प्रदर्शन किया।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रकाश गंगावत के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता अपराह्न करीब साढ़े चार बजे कोतवाली के सामने एकत्रित हुए और हाथों में तख्तियां लेकर राज्य सरकार और पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि जिले में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गयी है और अपराधी बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने वृत्त अधिकारी (शहर) अंगद शर्मा को ज्ञापन सौंपकर शहर में अपराधों पर अंकुश लगाने, पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान श्री गंगावत ने पुलिस पर आरोप लगाते हुए कहा कि पुलिस भ्रष्टाचार के आगे लाचार हो चुकी है और अपराधियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रही है। उन्होंने पुलिस अधिकारियों के रवैये की भी आलोचना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित