अलवर , अक्टूबर 25 -- राजस्थान में कोटपूतली-बहरोड़ जिले के केशवाना औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को एक फैक्ट्री में आग लगने से हड़कंप मच गया।
आग की सूचना मिलते ही नीमराना, बहरोड़, सोतानाला और कोटपूतली से दमकल की करीब छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गये हैं और हालात पर नजर बनाए हुए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह करीब नौ बजे केशवाना औद्योगिक क्षेत्र स्थित धानुका कंपनी की फैक्ट्री में अचानक आग लग गई। यहां जैविक खाद और कृषि में इस्तेमाल होने वाली दवाइयों का निर्माण किया जाता है। औद्योगिक इकाई में आग लगने से कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई, वहीं आसपास के क्षेत्र में भी हलचल बढ़ गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद अलग-अलग स्थानों से दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
दमकलकर्मियों के अनुसार सुबह करीब नौ बजे धानुका कंपनी की फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। इसके बाद नीमराना, बहरोड़, सोतानाला और कोटपूतली से दमकल की गाड़ियां रवाना की गईं। दमकलकर्मी लगातार आग पर काबूपाने में जुटे हैं। प्रशासन के उच्च अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित