अलवर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में अलवर के उद्योग नगर थाना क्षेत्र में प्रेमिका की हत्या कर फरार हुए आरोपी को पुलिस ने उत्तर प्रदेश में मथुरा में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि आरोपी योगेश कुमार (25) निवासी मांट मूला, जिला मथुरा पर अपनी प्रेमिका की हत्या करने का आरोप है। 18 अक्टूबर को नाहरपुर एमआईए क्षेत्र में किराये के कमरे में महिला का शव मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की थी। घटना के बाद से ही आरोपी फरार था। पुलिस दल ने तलाश करते हुए उसे मथुरा में पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, मृतका और आरोपी एक ही गांव के थे और बचपन से एक-दूसरे को जानते थे। करीब आठ वर्ष पहले महिला की शादी हो गई थी और उसके दो बच्चे थे। आरोपी योगेश भी शादीशुदा है। दोनों के बीच प्रेम संबंध जारी रहने के कारण महिला के ससुराल पक्ष की ओर से पहले भी वृंदावन थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी। बाद में महिला को ससुराल पक्ष ने छोड़ दिया, जिसके बाद दोनों अलवर के नाहरपुर एमआईए क्षेत्र में किराये के कमरे में रहने लगे।
पुलिस की जांच के अनुसार, आरोपी की मोबाइल में बनाई गई नई फेसबुक आईडी को लेकर महिला को उस पर किसी अन्य लड़की से बातचीत करने का शक हुआ। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद हुआ और आरोप है कि योगेश ने कंबल से महिला का मुंह और गला दबा दिया, जिससे दम घुटने के कारण उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित