अलवर , मई 13 -- राजस्थान में अलवर के स्कीम नंबर-8 स्थित जलदाय विभाग की बड़ी पानी की टंकी में बुधवार को अचानक पाइप फटने से लाखों लीटर पानी बर्बाद हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पाइप फटते ही टंकी से तेज़ बहाव के साथ पानी सड़क और आसपास के क्षेत्रों में फैल गया। यह वाक्या उस वक्त हुआ जब पानी की आपूर्ति के लिए पम्प चलाया गया। बताया जा रहा है कि यह पाइप लाइन काफी पुरानी है। इससे यह पानी का दबाव नहीं झेल पायी।

सूत्रों ने बताया कि इस टंकी में करीब 12 लाख लीटर पानी कुछ ही समय में बह गया। सूचना मिलते ही विभागीय विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। फिलहाल पाइप लाइन की जांच की जा रही है। उसकी मरम्मत की जा रही है।

स्थानीय लोगों ने कहा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए समय-समय पर पाइप लाइन और टंकियों की जांच करवाई जाए।

विभागीय अधिकारियों ने कहा कि पाइप की मरम्मत के बाद जलापूर्ति व्यवस्था को जल्द सामान्य कर दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित