अलवर , अक्टूबर 27 -- राजस्थान में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव-2026 के दूसरे चरण के मतदान को लेकर अलवर में प्रशासन और पुलिस पूरी तरह मुस्तैद हैं।
आधिकारिक सू्त्रों ने मंगलवार को बताया कि पांच पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए होने वाले मतदान के मद्देनजर मतदान दलों को जिला मुख्यालय से रवाना कर दिया गया। मतदान दलों की रवानगी के लिए बाबू शोभाराम राजकीय कला महाविद्यालय परिसर में व्यवस्था की गई थी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लक्ष्मणगढ़, राजगढ़ और थानागाजी के मतदान दल सुबह साढ़े सात बजे रवाना किए गए, जबकि उमरैण और मालाखेड़ा के अंतिम मतदान दल पूर्वाह्न साढ़े 11 बजे रवाना हो गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार ने बताया कि प्रथम चरण में जिले की छह पंचायत समितियों में चुनाव संपन्न हो चुके हैं, जबकि दूसरे चरण में पांच पंचायत समितियों में मतदान कराया जा रहा है। चुनाव के दौरान करीब 180 पंचायतों और 650 मतदान केंद्रों को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए करीब साढ़े तीन हजार पुलिस कर्मियों का जाब्ता तैनात किया गया है।
उन्होंने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के लिए अलवर जिले के पुलिस बल के साथ राजस्थान के विभिन्न जिलों से भी जाब्ता बुलाया गया है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय, राजस्थान सशस्त्र बल (आरएसी) और होमगार्ड के जवानों की भी तैनाती की गई है। पुलिस का उद्देश्य मतदान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, मतदान केंद्रों पर सुरक्षा सुनिश्चित करना और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तत्पर रहना है।
दूसरे चरण में 28 अक्टूबर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा। इस दौरान पांच लाख 77 हजार 407 मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। जिला परिषद के 20 वार्डों में 73 और पांच पंचायत समितियों के 109 वार्डों में 451 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। पुलिस प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भय होकर मतदान करने और चुनाव प्रक्रिया में सहयोग करने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित