अलवर , अगस्त 12 -- राजस्थान में अलवर में नशा मुक्त भारत अभियान के तहत बुधवार को जिला स्तरीय नशा मुक्त संगोष्ठी का आयोजन किया गया।
प्रताप ऑडिटोरियम में आयोजित संगोष्ठी में युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करते हुए नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम के दौरान नशा मुक्त भारत अभियान के पोस्टर एवं टी-शर्ट का विमोचन भी किया गया और उपस्थित लोगों को नशामुक्त भारत की शपथ दिलायी गयी।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसके परिवार और सामाजिक जीवन को भी नकारात्मक रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहकर खेल, योग और अध्ययन जैसी सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने का आह्वान किया।
उन्होंने युवाओं का स्वयं जागरूक रहने और नशे के दुष्प्रभावों के प्रति अन्य लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में नशा मुक्ति के लिए पुलिस की ओर से चलाये जा रहे अभियानों और नशे से जुड़े मामलों की सूचना हेल्पलाइन के माध्यम से पुलिस तक पहुंचाने की जानकारी भी दी गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित