अलवर , अगस्त 06 -- राजस्थान में अलवर जिले के अकबरपुर थाना क्षेत्र में स्थित प्रसिद्ध नलदेश्वर महादेव मंदिर के पास बने एक कुंड में डूबने से एक युवक की मौत हो गयी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सन्नी अपने दोस्तों के साथ बारिश के दौरान नलदेश्वर भोले बाबा के मंदिर और वहां बह रहे झरनों को देखने गया था। सभी साथी कुंड में नहाने उतर गये। इसी दौरान अचानक पानी का बहाव तेज हो गया, जिससे सन्नी का संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में डूब गया।
साथियों ने काफी प्रयास के बाद सन्नी को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। मृतक की पहचान सन्नी जाटव के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित