अलवर , मार्च 04 -- राजस्थान में अलवर शहर में बुधवार को भी धुलेंडी का पर्व बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। मंगलवार को भी हालांकि विभिन्न संगठनों द्वारा अलवर शहर में होली का पर्व मनाया गया था लेकिन आज भी शहर में होली का त्यौहार मनाया जा रहा है। जगह-जगह लोग होली के गानों पर गुलाल अबीर लगाकर थिरक रहे हैं, वहीं राजनीतिक दलों से जुड़े लोग भी ऐसे होली के रंग में रंगे हुए हैं।
अलवर शहर विधायक और राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा भी अपने निवास पर समर्थकों के साथ होली के गीतों पर थिरक रहे हैं वहीं गुलाल लगाकर एक दूसरे को होली की शुभकामनाएं भी दे रहे हैं। सुबह से ही उनके निवास पर समर्थकों और कार्यकर्ताओं का तांता लगा हुआ है। वह होली की मुबारकबाद देते रहे और गुलाल अबीर लगाते रहे।
यहां खास बात यह है कि वन मंत्री ने इस बार जैविक गुलाल से होली खेली है और यह गुलाल भी उन्हीं के विभाग द्वारा तैयार किया गया है। पूरे राजस्थान में जैविक गुलाल वन विभाग द्वारा तैयार किया गया जो एक नमूने के रूप में है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में पूरे राजस्थान में जैविक गुलाल तैयार करके इसको एक ब्रांड के रूप में बेचा जाएगा, क्योंकि जैविक गुलाल से किसी भी तरह का दुष्प्रभाव नहीं होता। इसमें किसी भी तरह का रसायन नहीं है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित