अलवर , सितम्बर 29 -- राजस्थान के अलवर में कांग्रेस ने मंगलवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ प्रदर्शन किया।
कांग्रेस कार्यकर्ता पहले मालवीय नगर तिराहे पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए मिनी सचिवालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस ने मिनी सचिवालय के आसपास अवरोधक लगाकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी थी।
प्रदर्शनकारी सरस डेयरी के सामने लगाए गए अवरोधक तक पहुंचे और उन्हें हटाकर आगे बढ़ने का प्रयास किया। कुछ कार्यकर्ता दूसरी तरफ जाने में सफल रहे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए हल्का बल प्रयोग किया, लेकिन प्रदर्शनकारी पीछे नहीं हटे और अवरोधक हटाकर आगे बढ़ गए। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी की।
इसके बाद प्रदर्शनकारी मिनी सचिवालय के दूसरे नंबर द्वार तक पहुंच गए, जहां उन्होंने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने का प्रयास किया, लेकिन वे नहीं माने। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को सांकेतिक रूप से गिरफ्तार किया और उन्हें मिनी सचिवालय परिसर से बाहर ले जाकर दूर छोड़ दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित