अलवर , जुलाई 11 -- राजस्थान में अलवर के शालीमार नगर में वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) अधिकारी के घर हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि जीएसटी अधिकारी ओम प्रकाश के घर हुई लूट की वारदात पूरी योजना के साथ अंजाम दिया गया था। वारदात से पहले आरोपियों ने कई दिनों तक घर और क्षेत्र की रेकी की थी। इसके बाद सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया गया। आरोपियों ने पुलिस से बचने के लिए वारदात के दौरान मोबाइल फोन का उपयोग नहीं किया, जिससे उनके ठिकाने की जानकारी नहीं मिल पा रही थी। इसके बावजूद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सैकड़ों कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामगढ़ और खैरथल-तिजारा क्षेत्र के रहने वाले हैं और उनके खिलाफ पहले से ही लूट, डकैती और हत्या जैसे गंभीर अपराध दर्ज हैं। आरोपी कई बार जेल भी जा चुके हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद उन्होंने पैदल और सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल किया ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि लूटी गयी नकदी और जेवरात की बरामदगी के प्रयास जारी हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने लूट की रकम से एक मोटर साइकिल भी खरीदी है। पुलिस ने दावा किया है कि मामले में शत-प्रतिशत माल की बरामदगी का प्रयास किया जायेगा।
श्री चौधरी ने कहा कि आरोपियों से हथियारों की बरामदगी के भी प्रयास किए जा रहे हैं और रविवार को उन्हें मौके पर ले जाकर वारदात का पुनर्निर्माण कराया जायेगा।
इस बीच, जयपुर रेंज के आईजी राहुल प्रकाश भी अलवर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया था कि पुलिस जल्द ही वारदात का खुलासा करेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित