अलवर , जुलाई 11 -- राजस्थान में अलवर के शालीमार नगर में वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) विभाग के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश के घर सनसनीखेज लूट और मारपीट की वारदात के मामले की गंभीरता को देखते हुए जयपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक राहुल प्रकाश खुद शनिवार को अलवर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
श्री राहुल प्रकाश ने पीड़ित परिवार से मुलाकात करके पूरी घटना की जानकारी ली और जांच की प्रगति की समीक्षा की। उनके साथ पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रियंका रघुवंशी सहित पुलिस के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करके पुलिस दलों से अब तक की जांच और मिले सुरागों की जानकारी ली।
श्री राहुल प्रकाश ने पत्रकारों से कहा कि पुलिस हर कोण से मामले की जांच कर रही है और कुछ महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे हैं, जिनके आधार पर कार्रवाई जारी है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि इस सनसनीखेज वारदात का जल्द खुलासा किया जायेगा और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
उन्होंने माना कि अलवर जिले में हाल के दिनों में अपराधों की संख्या में अचानक वृद्धि हुई है, लेकिन कहा कि पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के नेतृत्व में अलवर पुलिस लगातार अच्छा काम कर रही है और अधिकतर वारदातों का शीघ्र खुलासा किया जा रहा है।
पुलिस बल और संसाधनों की कमी के सवाल पर उन्होंने कहा कि सरकार और पुलिस विभाग इस दिशा में लगातार काम कर रहे हैं। राजस्थान सरकार ने हाल ही में 10 हजार कांस्टेबलों की भर्ती की है और बढ़ती जनसंख्या और बदलती परिस्थितियों के अनुरूप पुलिस बल और संसाधनों को बढ़ाने की प्रक्रिया जारी है।
उन्होंने कहा कि लोगों की आर्थिक स्थिति में सुधार होने के साथ अपराध के स्वरूप और चुनौतियां भी बढ़ी हैं, इसलिए अब नयी रणनीति के तहत अपराधों पर निगरानी और नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास किए जायेंगे।
उल्लेखनीय है कि कुछ दिन पहले शालीमार नगर स्थित जीएसटी के सहायक आयुक्त ओमप्रकाश के घर में बदमाश घुस गये थे। बदमाशों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर उनके साथ मारपीट की और लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लूटकर वे फरार हो गये थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित