अलवर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में अलवर में सोमवार देर रात चोरों ने टेल्को चौराहे के पास स्थित शालीमार योजना के ए ब्लॉक में दो मकानों के ताले तोड़ दिए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार चोरों ने राजीव गांधी सामान्य चिकित्सालय, अलवर के प्रमुख चिकित्सा अधिकारी (पीएमओ) डॉ. प्रेम सैनी और शिक्षा विभाग में प्राचार्य पद पर कार्यरत नितिन चौधरी के मकानों को निशाना बनाया।

सूत्रों ने बताया कि चोर दोनों मकानों पर पहुंचे और ताले तोड़कर अंदर घुस गए। मकानों में कोई कीमती सामान मौजूद नहीं था। ऐसे में चोरों के हाथ कुछ खास नहीं लगा। शहर के एक आवासीय क्षेत्र में दो मकानों के ताले टूटने की इस घटना ने घरों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

दोनों मकानों के ताले तोड़ने और अंदर घुसने की वारदात सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। मकान मालिकों को घटना की सूचना मिली तो डॉ. प्रेम सैनी और नितिन चौधरी मंगलवार सुबह मौके पर पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना के बाद पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित