अलवर , मार्च 13 -- राजस्थान में अलवर के एक गैस एजेंसी पर शुक्रवार सुबह गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। सुबह करीब पांच बजे से ही उपभोक्ता कतार में लगना शुरू हो गए। समय के साथ भीड़ बढ़ती गई और एजेंसी के बाहर लंबी कतार लग गईं।

भीड़ अधिक होने की सूचना एजेंसी संचालक ने अरावली विहार थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और व्यवस्था संभाली। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में गैस सिलेंडरों का वितरण शुरू किया गया, ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति न बने।

लाइन में लगे कई लोगों ने आरोप लगाया कि गैस एजेंसी द्वारा 10 मार्च तक बुकिंग कराने वाले उपभोक्ताओं को ही प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि बाद में बुकिंग कराने वाले लोगों को सिलेंडर मिलने में परेशानी हो रही है। लोगों का कहना था कि वे सुबह से लंबी कतार में खड़े हैं, लेकिन फिर भी उन्हें सिलेंडर मिलने को लेकर संदेह बना हुआ है। वहीं गैस एजेंसी संचालक ने कहा कि सभी उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिन उपभोक्ताओं की पहले बुकिंग है, उन्हें पहले गैस दी जा रही है और बाकी लोगों को भी जल्द सिलेंडर उपलब्ध करा दिए जाएंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित