अलवर , जुलाई 17 -- राजस्थान में अलवर वन मंडल की सदर रेंज के हाजीपुर गांव में शुक्रवार को खेत में चारा काटने गयी, एक महिला पर अचानक एक सियार ने पीछे से हमला करके उसे घायल कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हाजीपुर निवासी मेवा देवी अपने खेत में पशुओं के लिए चारा काटने गयी थीं। इसी दौरान अचानक एक सियार खेत में पहुंचा और पीछे से महिला पर हमला बोल दिया। सियार ने महिला के हाथों और होंठ को बुरी तरह नोच लिया, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की भीड़ को देखकर सियार मौके से भाग निकला। इसके बाद ग्रामीणों ने घायल महिला को तत्काल एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में पहली बार इस तरह की घटना सामने आयी है, जिससे लोगों में भय का माहौल है।
उधर, घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का दल मौके पर पहुंचा और आसपास के क्षेत्र में सियार की तलाश शुरू कर दी। अधिकारियों ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में नहीं जाने का आग्रह किया है।
इस घटना के बाद हाजीपुर गांव में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवर को जल्द पकड़ने का आग्रह किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित