अलवर , अक्टूबर 20 -- राजस्थान में अलवर जिले के नौगांवा थाना क्षेत्र के अकलीमपुर गांव में खेत की जुताई को लेकर हुए विवाद में गोलीबारी करने के आरोप में पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दिलेर सिंह के कब्जे से 12 बोर की बंदूक और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है।
इस संबंध में अकलीमपुर निवासी बलविंदर सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि मंगलवार को खेत की जुताई के लिए ट्रैक्टर चालक की तलाश के दौरान दिलेर सिंह सहित तीन लोगों ने उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि दिलेर सिंह ने देशी कट्टे के बट से उसके सिर पर वार किया और बाद में घर की छत पर चढ़कर बंदूक तथा दो देशी कट्टों से गोलियां चलाईं।
पीड़ित ने घटना का वीडियो होने की बात कहते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित