अलवर , अक्टूबर 21 -- राजस्थान में दीपावली के त्योहार से पहले खाद्य पदार्थों में मिलावट की आशंका को देखते हुए अलवर जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है।

शुद्ध आहार-मिलावट पर वार अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा दल ने अलवर के केडलगंज और रामगढ़ में विभिन्न प्रतिष्ठानों में जांच की। इस दौरान काजू, रियल जूस, तेज रेड चायपत्ती और सोनपापड़ी के नमूने लिए गए। वहीं, रामगढ़ की दो डेयरियों से पनीर और क्रीम के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भिजवाए गए।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. योगेन्द्र कुमार शर्मा ने बुधवार को बताया कि रामगढ़ स्थित कमल डेयरी में ड्रमों में रखा करीब 200 लीटर खट्टा एवं दूषित दूध मौके पर नष्ट कराया गया। वहीं, समसू डेयरी में करीब 300 लीटर खट्टा-दूषित दूध और 50 किलो पनीर नष्ट कराया गया। इसके अलावा 50 किलो मिल्क पाउडर के संबंध में भी कार्रवाई की गई।

विभाग ने सभी लिए गए नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित