अलवर , जनवरी 26 -- राजस्थान में अलवर जिले में तेज सर्दी का असर लगातार बना हुआ है, सोमवार को दोपहर में अचानक धूप नदारद होने के बाद फिर सर्द हवा का दौर शुरू हो गया।

तापमान एक बार फिर शून्य से नीचे के करीब पहुंच गया है। खुले में पड़ी सूखी घास-फूस पर बर्फ जम गई है, वहीं पानी की नलियों पर भी बर्फ की परत दिखाई दी। हालांकि दिन में सूरज निकलने से कुछ राहत जरूर मिलती है, लेकिन शीतलहर के कारण कंपकंपी बनी हुई है।

जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्का कोहरा देखने को मिला, जबकि कई इलाकों में मौसम पूरी तरह साफ रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में सर्दी और तेज पड़ने की संभावना है। फिलहाल फसलों में हरियाली बनी हुई है, लेकिन सरसों की फसल पर जमी बर्फ से दानों में नुकसान की आशंका जताई जा रही है तेज सर्दी के बीच सोमवार सुबह स्कूली बच्चे गणतंत्र दिवस समारोह की तैयारियों के साथ स्कूल जाते नजर आये।

दो दिन पहले शुक्रवार को हुई बारिश के बाद से जिले में ठिठुरन और बढ़ गयी थी। जो अब तक बरकरार है। बर्फीली हवाओं के चलते दिन में भी सर्दी का असर बना रहता है, जबकि शाम होते ही ठंड और ज्यादा तेज महसूस होती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित