अलवर , जनवरी 19 -- राजस्थान में अलवर जिले के प्रतापगढ़ थाना क्षेत्र में पुलिस ने वेबसाइट के माध्यम से करोड़ों रुपए के ऑनलाइन सट्टा खिलाने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने सोमवार को बताया कि 18 जनवरी को मुखबिर से सूचना मिली कि बंधेवाला बालाजी मंदिर के पास कुछ लोग ऑनलाइन अवैध सट्टे का काम करते हैं जिस पर पुलिस दल ने दबिश देकर अखिलेश मीणा और शंकर लाल यादव को गिरफ्तार कर लिया। इन आरोपियों से एक स्कॉर्पियो गाड़ी, तीन मोबाइल और एक एटीएम भी बरामद किया गया है। ये ऑनलाइन सट्टे के लिए बनाई वेबसाइट एवं ऐप स्किल लूडो एवं महाराज लूडो से प्रतिदिन लाखों का लेनदेन करते थे।

उन्होंने बताया कि आरोपी ऑनलाइन कमाई का झांसा देकर उनके द्वारा बनाई गई फर्जी वेबसाइट पर ऑनलाइन सट्टा एवं महाराजा लूडो एवं स्किल टॉक्स पर गेम खिलाने के नाम पर उनसे ऑनलाइन रुपए डलवा करके उनके साथ ठगी करते हैं । ठगी से प्राप्त रूपयों को अलग-अलग बैंक खातों से जुड़े यूपीआई में डलवाते हैं । उस राशि को वैध बनाने के लिए उसे वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) युक्त खातों में स्थानांतरित कर लेते हैं। आरोपियों द्वारा बनाई गई वेबसाइट पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में सट्टा लगाये जाने के कारण काफी संख्या में राशि एकत्रित होती है जिसे अलग-अलग लोगों से उनके बैंक खाता किराए पर लेकर उनमें राशि डलवाते हैं। बदले में खाताधारक को कमीशन देते हैं ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित