अलवर , जुलाई 27 -- राजस्थान में न्यूनतम मानदेय और श्रमिक अधिकारों की मांग को लेकर अलवर में आशा सहयोगिनियों ने सोमवार को प्रदर्शन किया।
जिले भर से पहुंची आशा सहयोगिनियों ने हॉप सर्कस से विशाल रैली निकाली, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा के आवास पहुंची। यहां मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया गया। इसके बाद रैली कंपनी बाग पहुंची, जहां आयोजित सभा में आगे के आंदोलन की रणनीति पर चर्चा की गई।
आशा सहयोगिनियों ने कहा कि उनका आंदोलन पिछले एक महीने से लगातार जारी है, लेकिन अब तक सरकार की ओर से उनकी मांगों पर कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसी के विरोध में जिलेभर की आशा सहयोगिनियां एकजुट होकर सड़कों पर उतरीं और सरकार से जल्द समाधान की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए आशा सहयोगिनी राजन्ती ने कहा कि वर्ष 2004 से लगातार सेवाएं देने के बावजूद अब भी उन्हें मात्र 4959 रुपये महीने मानदेय मिल रहा है, जो न्यूनतम मजदूरी से भी कम है। उन्होंने कहा कि इतने कम मानदेय में परिवार का भरण-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है।
सभा में मौजूद आशा सहयोगिनियों ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक बनाया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित