अलवर , अगस्त 29 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिले में नगर निकाय चुनाव -2026 के तहत जिले की नगर परिषद एवं नगरपालिकाओं में वार्ड पार्षद पद के लिए अब तक 289 अभ्यर्थियों ने कुल 320 नामांकन पत्र दाखिल किये हैं।

आधिकारिक सू्त्रों ने शनिवार को बताया कि 27 अगस्त को जिले में 53 नामांकन पत्र दाखिल हुए थे, जिनमें 52 अभ्यर्थी शामिल थे। इस प्रकार दो दिनों में अब तक कुल 373 नामांकन पत्र दाखिल हो चुके हैं, जबकि कुल 341 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किया है।

नामांकन के दूसरे दिन नगर परिषद तिजारा में सर्वाधिक 90 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 86 अभ्यर्थी शामिल हैं। नगर परिषद भिवाड़ी में 63 नामांकन पत्र दाखिल हुए, जिनमें 52 अभ्यर्थियों ने नामांकन किया।

इसी प्रकार नगर परिषद खैरथल में 36 नामांकन पत्र एवं 35 अभ्यर्थियों, नगरपालिका कोटकासिम में 48 नामांकन पत्र एवं 43 अभ्यर्थियों, किशनगढ़-बास में 52 नामांकन पत्र एवं 45 अभ्यर्थियों और टपूकड़ा में 27 नामांकन पत्र एवं 24 अभ्यर्थियों ने नामांकन प्रस्तुत किये। नगरपालिका मुंडावर में चार नामांकन पत्र दाखिल हुए और सभी चार अभ्यर्थियों ने नामांकन दाखिल किये।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्र 31 अगस्त को अपराह्न तीन बजे तक जमा किये जा सकेंगे। अंतिम दिन प्राप्त नामांकन पत्रों के बाद एक सितंबर 2026 को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि तीन सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक निर्धारित की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित