अलवर , सितम्बर 30 -- राजस्थान में अलवर जिला पुलिस अधीक्षक (एसपी) सुधीर चौधरी ने जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और जनसंवाद बढ़ाने के उद्देश्य से सामुदायिक सम्पर्क समूह (सीएलजी) सदस्यों, महिला स्वयंसेवकों और व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की।

श्री चौधरी ने बैठक में जिले की सुरक्षा स्थिति और पुलिस कार्रवाई के आंकड़े साझा करते हुए बताया कि अलवर पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गंभीर अपराधों में 40 से 50 प्रतिशत की भारी कमी आयी है। आंकड़ों के अनुसार हत्या के मामले 43 से घटकर 27, हत्या के प्रयास के मामले 40 से घटकर 21 और लूट के मामले 13 से घटकर मात्र सात रह गये हैं।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा चोरी एवं नकबजनी में करीब 50 प्रतिशत मामलों को सुलझाया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस का ध्यान केवल छोटे अपराधियों पर ही नहीं, बल्कि नशे के कारोबार के मुख्य आपूर्ति तंत्र को तोड़ने पर है, जिसके तहत इस वर्ष नशे के खिलाफ 87 मामले दर्ज किये गये हैं, जो पिछले वर्ष के 30 मामलों की तुलना में तीन गुना अधिक हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित