अलवर , मई 06 -- राजस्थान में अलवर शहर में स्थित मुख्य पोस्ट ऑफिस में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पासपोर्ट सेवा केंद्र को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ।
धमकी मिलने के बाद पूरे परिसर को तुरंत खाली कराया गया और पुलिस एवं सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं।
अलवर मुख्य पोस्ट ऑफिस के पोस्टमास्टर रतनलाल मीणा ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे एक ई-मेल प्राप्त हुआ, जिसमें पासपोर्ट ऑफिस में साइनाइड जहरीली गैस के 16 बम रखे होने की बात कही गई थी। मेल में कर्मचारियों को तुरंत बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी।
उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग में अफरा-तफरी मच गई और सभी कर्मचारियों एवं आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल दिया गया। बताया जा रहा है कि यह चौथी बार है जब अलवर के पोस्ट ऑफिस स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को इस तरह की धमकी मिली है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस, बम निरोधक दस्ते और अन्य सुरक्षा एजेंसियों को मौके पर बुलाया गया। पूरे परिसर की गहन जांच की गई, हालांकि फिलहाल किसी संदिग्ध वस्तु के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है।
ई -मेल क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय जयपुर को भेजा गया था, जिसे बाद में अलवर सहित अन्य संबंधित विभागों को अग्रेषित किया गया। पुलिस साइबर दल की मदद से ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी हुई है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की जांच कर रही हैं और पोस्ट ऑफिस परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित