अलवर , जून 01 -- राजस्थान में अलवर जिले में बढ़ते साइबर अपराधों पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन म्यूल हंटर एवं साइबर संग्राम अभियान 2.0" के तहत बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी ने सोमवार को बताया कि एक अप्रैल से 30 मई तक चलाए गए विशेष अभियान में साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई करते हुए 107 मामले दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 90 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 10 बाल अपचारियों को भी निरुद्ध किया गया है।
अभियान के दौरान पुलिस ने भारी मात्रा में साइबर अपराध में प्रयुक्त सामान भी बरामद किया है। इनमें 80 मोबाइल फोन, 91 सिम कार्ड, तीन पासबुक, एक चेकबुक, पांच एटीएम कार्ड, एक मोटरसाइकिल और 10 हजार रुपये नकद शामिल हैं।
श्री चौधरी ने बताया कि ऑनलाइन जुआ, सट्टा, फर्जी सिम, फर्जी एटीएम पीओएस मशीन, बैंक ठगी और म्यूल अकाउंट जैसे साइबर अपराधों पर विशेष ध्यान रखते हुए यह अभियान चलाया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित