अलवर , सितम्बर 22 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम के उप महापौर चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रत्याशी अजय पूनिया 16 मतों के अंतर से जीत दर्ज करके उप महापौर चुने गये। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मंगलवार को हुए चुनाव में मतगणना के बाद भाजपा प्रत्याशी अजय पूनिया को 40 मत, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी ममता सैनी को 24 मत मिले। एक मत निरस्त किया गया। इस तरह अजय पूनिया ने कांग्रेस प्रत्याशी को 16 मतों से शिकस्त देकर उप महापौर पद अपने नाम कर लिया।

मतदान से पहले कांग्रेस की ओर से 25 पार्षदों के साथ होने का दावा किया गया था, लेकिन मतगणना में कांग्रेस को 24 मत ही मिले। वहीं महापौर चुनाव में भाजपा को 42 और कांग्रेस को 23 मत मिले थे। उप महापौर चुनाव के नतीजों में भाजपा के मतों में दो की कमी और कांग्रेस के मतों में एक की बढ़ोत्तरी देखने को मिली, जबकि एक मत निरस्त हुआ।

अजय पूनिया वार्ड नंबर 49 से पार्षद हैं और पांच बार के पार्षद हैं। नगर निगम के महापौर चुनाव के दौरान भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका मानी गयी थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित