अलवर , सितम्बर 21 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम के सोमवार को हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इतिहास बनाते हुए पहली बार बोर्ड बनाने में सफलता हासिल की।
यहां भाजपा की प्रत्याशी सुमन लता अग्रवाल महापौर चुनी गयी। वार्ड नंबर सात से निर्वाचित पार्षद लता अग्रवाल ने कांग्रेस प्रत्याशी कमलेश शर्मा को शिकस्त दी। लता अग्रवाल को 42 मत के मुकाबले कांग्रेस की कमलेश शर्मा को 23 मत मिले।
महापौर चुनाव के परिणाम के साथ ही अलवर नगर निगम में पहली बार भाजपा का बोर्ड बन गया। निगम के 65 पार्षदों में भाजपा के 28, कांग्रेस के 23, निर्दलीय 13 और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) का एक पार्षद हैं। बहुमत के लिए 33 मत जरूरी थे। भाजपा ने अपने 28 पार्षदों के साथ सभी 13 निर्दलीयों और एक बीएसपी पार्षद का समर्थन जुटाकर कुल 42 मत हासिल किए। वहीं कांग्रेस के खाते में उसके 23 पार्षदों के ही मत आये। एक भी निर्दलीय को कांग्रेस अपने खेमे में नहीं ला सकी। सुमन लता अग्रवाल की जीत को उनके परिवार की स्थानीय राजनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है। उनके पति अजय अग्रवाल अलवर नगर परिषद के कार्यकाल में सभापति रह चुके हैं। नगर परिषद के दौरान उनके कार्यकाल और राजनीतिक अनुभव का भी पार्टी के भीतर चर्चा में उल्लेख होता रहा। अब सुमन लता अग्रवाल के महापौर निर्वाचित होने के साथ ही अग्रवाल परिवार को अलवर नगर निगम के नेतृत्व की जिम्मेदारी मिली है।
महापौर निर्वाचित होने के बाद सुश्री अग्रवाल ने मीडिया से बातचीत में अलवर की जनता, भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और पार्टी के सभी पार्षदों का आभार जताया। उन्होंने कहा कि उनका मुख्य ध्यान अलवर शहर के विकास और मूलभूत समस्याओं के समाधान पर रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित