अलवर , अगस्त 11 -- राजस्थान में अलवर नगर निगम में सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर एक बार फिर हंगामा खड़ा हो गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसर वर्ष 2012 में हुई सफाई कर्मचारी भर्ती में चयनित 329 कर्मचारियों को 14 वर्ष बाद भी नियुक्ति पत्र नहीं मिलने से नाराज सफाई कर्मचारी नगर निगम परिसर में धरने पर बैठ गये। सफाई कर्मचारी नेता जितेंद्र सागवान ने आरोप लगाया कि कर्मचारी कई बार नगर निगम अधिकारियों के पास जाकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने की मांग कर चुके हैं, लेकिन हर बार जल्द प्रक्रिया शुरू करने का आश्वासन दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका जानबूझकर नियुक्ति प्रक्रिया शुरू नहीं करना चाहते थे।

सफाई कर्मचारियों के मुताबिक वर्ष 2012 में 329 पदों पर भर्ती हुई थी, लेकिन वर्ष 2013 में सरकार बदलने के बाद नियुक्तियां अटक गयीं। इसके बाद कर्मचारी उच्च न्यायालय की शरण में गये और उच्च न्यायालय के आदेश के बाद अलवर में नियुक्ति देने के आदेश हुए। कर्मचारियों का आरोप है कि आदेश के बावजूद करीब 15 दिन से नियुक्ति प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा रही है।

अब नगर निगम आयुक्त का तबादला होने के बाद एक बार फिर नियुक्ति प्रक्रिया अटकने से कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। कर्मचारी दो दिन पहले वन मंत्री संजय शर्मा से भी मिले थे, जहां मंत्री ने जल्द नियुक्ति पत्र दिए जाने का आश्वासन दिया था।

नियुक्ति पत्र जारी नहीं होने से नाराज सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम परिसर में धरना देकर विरोध जताया। हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन भी मौके पर पहुंच गया और कर्मचारियों से समझाने का दौर शुरू किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित