अलवर , जनवरी 23 -- राजस्थान में शुक्रवार को बसंत पंचमी पर अलवर जिले में कहीं हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी होने से अचानक मौसम में बदलाव आ गया, जिससे सर्दी का असर बढ़ गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार देर रात से ही बादल गर्जन के साथ बूंदाबादी शुरू हो गयी और सुबह से ही आसपास के इलाकों में बारिश हो रही है। इस बार इसको मावठ का नाम दिया जा रहा है। इससे बसंत पंचमी होने के कारण शादी समारोह में बड़ा खलल पैदा हो गया है।

बरसात के कारण सर्द हवायें भी चल रही है। दिन के तापमान के कई डिग्री सेल्सियस नीचे जाने के आसार हैं। वैसे पिछले कई दिनों से जिले में दिन के समय धूप निकलने से सर्दी से काफी राहत थी, लेकिन बारिश होने के कारण अब सर्दी का असर बढ़ गया है।

अलवर जिले में जनवरी में कड़ाके की सर्दी रही। खासकर 10 जनवरी तक दिन में भी कंपकंपी रही। शीतलहर के कारण सबसे अधिक जनवरी के पहले दो सप्ताह में सर्दी का असर ज्यादा रहा, लेकिन मकर संक्रांति से सर्दी कम हो गयी थी। दिन में धूप निकलने से तापमान 22 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चला गया था। आज बारिश और बादल छाने से दिन में धूप नहीं है। तापमान भी कई डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया है, जिसके कारण अब दिन में भी सर्दी का असर बढ़ गया है।

उधर, कृषि के जानकारों के अनुसार यह मावठ रबी की फसल के लिये मुफीद है। इससे किसानों को भी आर्थिक रूप से लाभ होगा। खेतों में सिंचाई से किसानों को कुछ राहत मिलेगी। इस बारिश से फसल और अच्छी होने की संभावना बढ़ गयी है।

वैसे भी इस बार पारा जमाव बिंदु पर नहीं पहुंचा, जिससे सर्दी से फसल को कोई नुकसान होने की संभावना नहीं है। अगर कुछ दिन और सर्दी का असर बना रहा, तो पैदावार बढ़ने की पूरी संभावना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित