अलवर , अप्रैल 29 -- राजस्थान में अलवर जिले के मालाखेड़ा उपखंड क्षेत्र के बदीपुरा, सोहनपुर और महुआ खुर्द सहित आसपास के इलाकों में बुधवार को अचानक मौसम ने करवट ले ली।

बेमौसम बारिश के साथ चने के आकार के ओले गिरने से जहां एक ओर लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं दूसरी ओर जनजीवन कुछ देर के लिए थम सा गया। पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में तापमान लगातार 45 डिग्री सेल्सियस के आसपास बना हुआ था, जिससे आमजन खासे परेशान थे। तेज धूप और लू के चलते लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया था। ऐसे में अचानक हुई बारिश और ओलावृष्टि ने मौसम को सुहावना बना दिया और लोगों ने राहत की सांस ली। बारिश के दौरान ओले इतनी तेज़ी से गिरे कि सड़कों पर सन्नाटा छा गया और लोग सुरक्षित स्थानों की ओर भागते नजर आए। कई जगहों पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

मौसम के इस बदलाव का असर सामाजिक कार्यक्रमों पर भी देखने को मिला। शादी-विवाह के आयोजनों में बारिश और ओलों के कारण व्यवधान उत्पन्न हुआ, जिससे आयोजकों और मेहमानों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित