अलवर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान के अलवर में पंचायत चुनावों को लेकर जिला प्रशासन अत्यंत सजग है।

आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि सरपंच और वार्ड पंच पदों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव कराने के लिए सुरक्षा का व्यापक खाका तैयार किया गया है। जिले की छह पंचायत समितियों की 205 ग्राम पंचायतों में चुनाव प्रक्रिया को लेकर तैयारियां की जा रही हैं। जिले में कुल 651 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां पुलिस जाब्ता तैनात रहेगा।

सूत्रों ने बताया कि चुनाव के दौरान किसी भी तरह की गड़बड़ी और अशांति की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी रखने की रणनीति बनाई है।

अतिरिक्त जिला कलेक्टर योगेश डागुर ने बताया कि जिले में 53 स्थानों को अति संवेदनशील चिह्नित किया गया है। इन स्थानों पर सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त हथियारबंद पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। सभी मतदान केंद्रों पर पुलिस बल की व्यवस्था रहेगी, जबकि प्रत्येक ग्राम पंचायत में भी अतिरिक्त जाब्ता लगाया गया है। जिन क्षेत्रों में चुनाव के दौरान अशांति की आशंका है, वहां सुरक्षित पुलिस बल तैयार रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके। उन्होंने बताया कि चुनावी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिला कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक के बीच कई दौर की चर्चा हो चुकी है। संबंधित उपखंड अधिकारी (एसडीएम) और पुलिस उपाधीक्षक अपने-अपने क्षेत्रों का आकलन कर चुके हैं। प्रशासन की ओर से नामांकन प्रक्रिया के बाद नामांकन पत्रों की जांच, चुनाव चिह्न आवंटन और मतदान के लिए मतपत्र तैयार करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित