अलवर , अक्टूबर 31 -- राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायत राजपुर बड़ा में सरपंच पद के चुनाव में कथित धांधली को लेकर चल रहा विरोध प्रदर्शन शनिवार को हिंसक हो गया।
ग्रामीणों को समझाने पहुंचे पुलिस दल पर आक्रोशित ग्रामीणों ने पथराव कर दिया। अचानक हुए पथराव में चुनाव ड्यूटी में तैनात कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायलों में पुलिस उपाधीक्षक देशराज कुलदीप भी शामिल हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजपुर बड़ा में सरपंच पद के प्रत्याशियों ने मतदान और मतगणना प्रक्रिया के दौरान चुनाव दल पर फर्जीवाड़ा एवं अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए थे। प्रत्याशियों और ग्रामीणों ने चुनाव परिणाम को निरस्त करने की मांग को लेकर विरोध शुरू कर दिया था। इसी मांग को लेकर देर रात से ही ग्रामीण मतदान केंद्र एवं मतगणना स्थल के बाहर धरने पर बैठे हुए थे। धरने में महिलाएं भी शामिल थीं।
शनिवार को पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से ग्रामीणों को समझाकर धरना समाप्त कराने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया और आक्रोशित ग्रामीणों की ओर से पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया गया।
सूत्रों ने बताया कि पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए राजगढ़ चिकित्सालय पहुंचाया गया, जबकि पुलिस उपाधीक्षक देशराज कुलदीप का राजपुर बड़ा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार जारी है।
घटना के बाद मौके पर पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। फिलहाल मौके पर शांति बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। चुनाव में कथित गड़बड़ी के आरोपों से शुरू हुआ विरोध अब पुलिस और ग्रामीणों के बीच टकराव में बदल गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित