अलवर , सितम्बर 23 -- राजस्थान में खैरथल तिजारा जिले में पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव के लिए वार्डवार आरक्षण की लॉटरी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बुधवार को जिला सचिवालय खैरथल के सभागार में सम्पन्न हुई।
लॉटरी के माध्यम से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग एवं सामान्य वर्ग के साथ-साथ संबंधित वर्गों में महिला आरक्षण निर्धारित किया गया।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि प्रधान पद के लिये पंचायत समिति किशनगढ़ बास के लिए सामान्य महिला, पंचायत समिति कोटकासिम के लिए सामान्य वर्ग, पंचायत समिति तिजारा के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग, पंचायत समिति टपुकड़ा के लिए सामान्य वर्ग, पंचायत समिति मुण्डावर के लिए सामान्य महिला वर्ग, तथा ततारपुर पंचायत समिति में अनुसूचित जाति महिला वर्ग के लिए आरक्षित किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित