अलवर , जून 17 -- राजस्थान में अलवर जिले के कठूमर थाना क्षेत्र के भनोखर गांव की मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कर रही छात्रा के दिल्ली में दो दिन पहले फांसी लगाकर आत्महत्या करने के बाद परिवार बहुत दुखी है और गांव भर में शोक व्याप्त है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय छात्रा रेणु मीणा पिछले कई वर्षों से दिल्ली में रहकर नीट की तैयारी कर रही थी। उसकी मौत की खबर से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गयी।

सूत्रों ने बताया कि रेणु अपने पिता और तीन बहनों और एक भाई के साथ दिल्ली में रह रही थी। उसके पिता हरिनारायण मीणा पालम क्षेत्र में निजी कार्य करते हैं। चौदह जून की शाम को उसने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

परिजनों के अनुसार रेणु पढ़ाई में होशियार थी। उसने 10वीं और 12वीं कक्षा में 90 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल किये थे। डॉक्टर बनना उसका सपना था और वह इसके लिए लगातार मेहनत कर रही थी। वह रोजाना कई घंटे लाइब्रेरी में पढ़ाई करती थी।

वह नीट परीक्षा रद्द होने के बाद अवसाद में थी। आत्महत्या के कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

घटना की सूचना उसके पैतृक गांव भनोखर पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गयी। भरतपुर सांसद संजना जाटव ने भी घटना पर शोक जताते हुए परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छात्रा ने परीक्षा संबंधी परिस्थितियों से आहत होकर यह कदम उठाया है तो यह बेहद चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित