अलवर , जून 21 -- केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और राजस्थान सरकार के वन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) संजय शर्मा ने रविवार को अलवर जिले को करीब 46 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात दी ।

आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को बताया कि इस दौरान 42 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से नटनी का बारा से जयसमंद बांध तक नहर पक्कीकरण कार्य का शिलान्यास और तीन करोड़ 34 लाख रुपये की लागत से निर्मित भाखेड़ा एनीकट का उद्घाटन किया गया।

इस अवसर पर श्री यादव ने कहा कि डबल इंजन की सरकार अलवर के चहुंमुखी विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण, बेहतर आधारभूत ढांचे, डेयरी विकास, सरिस्का पर्यटन, ई-लाइब्रेरी और ग्रामीण विकास के कई कार्य प्राथमिकता के साथ पूरे किए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि नटनी का बारा से जयसमंद बांध तक नहर पक्कीकरण परियोजना को अलवर की जल सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वर्तमान में रूपारेल नदी का अधिकांश पानी भरतपुर जिले की ओर निकल जाता है, जबकि अतिक्रमण और मिट्टी भराव के कारण जयसमंद बांध तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। वर्षों से बांध का भराव क्षेत्र प्रभावित होने से भूजल स्तर लगातार गिर रहा है और अलवर शहर के सामने पेयजल संकट गहराता जा रहा है।नहर के पक्कीकरण से वर्षाजल का अधिकतम प्रवाह जयसमंद बांध तक पहुंचेगा, जिससे बांध का भराव बढ़ेगा और आसपास के क्षेत्रों में भूजल स्तर में सुधार होगा। विशेषज्ञों के अनुसार जयसमंद बांध अलवर की जल व्यवस्था की लाइफलाइन है और इसका भरना पूरे क्षेत्र के लिए अत्यंत आवश्यक है।

भाखेड़ा एनीकट के उद्घाटन अवसर पर श्री यादव ने कहा कि जल संरक्षण के लिए एनीकट, बांध और नहरों के जीर्णोद्धार जैसे कार्य लगातार किए जा रहे हैं। भाखेड़ा एनीकट बनने से भूजल स्तर में वृद्धि होगी, वन्यजीवों को पेयजल उपलब्ध होगा और आसपास के गांवों को कृषि और घरेलू उपयोग के लिए पानी मिल सकेगा।

श्री यादव ने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए कहा कि आने वाला समय प्राकृतिक खेती का है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भी प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दे रहे हैं। इसके लिए जिले में कार्यशालाओं का आयोजन करके किसानों को प्रशिक्षित किया जाएगा, जिससे उनकी आय में वृद्धि होगी और खेती की लागत कम होगी।

वन राज्यमंत्री संजय शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के नेतृत्व में पिछले ढाई वर्षों में अलवर में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अलवर की पेयजल समस्या को देखते हुए कई जल परियोजनाओं को स्वीकृति दिलाई गई है।

उन्होंने बताया कि भाखेड़ा एनीकट और जयसमंद फीडर परियोजनाओं से रूपारेल नदी का पानी जयसमंद बांध में रुकेगा, जिससे वर्षा जल का संचयन होगा, भूजल स्तर बढ़ेगा और पशु-पक्षियों और ग्रामीणों को पानी उपलब्ध हो सकेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित