अलवर , मई 03 -- राजस्थान में अलवर जिला स्थित सरिस्का बाघ अभयारण्य के बफर जोन में अलवर शहर के बिल्कुल नजदीक स्थित श्योदानपुरा क्षेत्र में एक एनीकट पर रविवार को उस समय रोमांचक दृश्य देखने को मिला, जब एसटी-19 बाघिन के शावक के दीदार हुए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शावक काफी देर तक पानी में बैठा रहा। यह नज़ारा उस वक्त सामने आया जब राजस्थान के वन मंत्री संजय शर्मा क्षेत्र के निरीक्षण पर पहुंचे थे। मौके पर मौजूद अधिकारियों और स्थानीय लोगों के अनुसार, निरीक्षण के दौरान अचानक जंगल की झाड़ियों के बीच हलचल हुई और एसटी-19 का शावक काफी देर तक दिखाई दिया। जैसे ही मंत्री वहां पहुंचे तो शावक झाड़ियों में से निकलकर पानी के एनीकट के पास आया और पहले तो उसने पानी पिया फिर काफी देर तक पानी में बैठकर गर्मी से राहत पाता रहा।

शावक को देखते ही मौके पर मौजूद दल सतर्क हो गया और पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी गई। वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि शावक का इस तरह दिखना क्षेत्र में वन्यजीवों की सक्रियता और सुरक्षित वातावरण का संकेत है। साथ ही लोगों से आग्रह किया गया है कि वे जंगल क्षेत्र में अनावश्यक आवाजाही न करें और वन्यजीवों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित