अलवर , अक्टूबर 23 -- राजस्थान में अलवर के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित तिलक मार्केट में शुक्रवार को सुबह एक दुकान की ऊपरी मंजिल पर पटाखों के गोदाम में आग लगने से पूरा इलाका धमाकों की आवाज से गूंज उठा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग दुकान में लगी और देखते ही देखते दुकान की ऊपरी मंजिल पर बने पटाखों के गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। इसके बाद पटाखों के तेज धमाके होने लगे। पटाखे फूटने की आवाज से पूरे बाजार में अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने के प्रयास शुरू किए। एहतियात के तौर पर आसपास की दुकानों को खाली कराया गया। सुबह बाजार में अपेक्षाकृत कम भीड़ होने से किसी तरह की जनहानि नहीं हुई। इससे दमकल की गाड़ियों को घटनास्थल तक पहुंचने में भी आसानी हुई।
सूत्रों ने बताया कि तिलक मार्केट के कॉर्नर पर स्थित दुकान की निचली मंजिल पर साड़ी का कारोबार, दूसरी मंजिल पर युवराज रेडीमेड की दुकान और तीसरी मंजिल पर पटाखों का गोदाम है। दुकान से जुड़ा कारोबार डोगर दास बिहारी दास फर्म के नाम से संचालित होने की जानकारी सामने आई है, जिसके मालिक हरीश बताए गए हैं। आग की चपेट में आने से रेडीमेड दुकान और पटाखों के गोदाम में रखा सामान जलकर राख हो गया, जबकि नीचे स्थित साड़ी की दुकान को खाली करा लिया गया।
शुरुआती अनुमान के मुताबिक करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
तिलक मार्केट अलवर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में शामिल है। यहां कपड़े, जूते और अन्य सामान की बड़ी संख्या में दुकानें हैं। बाजार के आसपास दीपावली के दौरान भारी भीड़ रहती है। ऐसे में आग दोपहर या अधिक भीड़भाड़ के समय लगती, तो हालात और गंभीर हो सकते थे। स्थानीय स्तर पर दुकान की ऊपरी मंजिल पर पटाखों के भंडारण और कथित अवैध कारोबार को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, पटाखों के भंडारण की वैधता और आग लगने के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है। दमकलकर्मी आग बुझाने के साथ जले हुए पटाखों में दोबारा चिंगारी उठने की आशंका को देखते हुए मौके पर नजर रख रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित